Good News | कोंडागांव जिले में 140 करोड़ की लागत से बन रहे एथेनाल प्लांट का 35 प्रतिशत हिस्सा तैयार | इससे 45 हजार किसानों को होगा होगा फायदा | 200 से ज्यादा लोगों को मिलेगा रोजगार | तस्वीरों में देखिए प्लांट का तैयार हिस्सा






कोरबा | प्रदेश का पहला एथेनाल प्लांट कोंडागांव जिले में बनकर तैयार हो रहा है, जिसके 2023 तक पूरी तरह से बन जाने की उम्मीद है। कोकोडी गांव में 14 एकड़ में बने रहे प्लांट का 35 प्रतिशत हिस्सा बनकर तैयार हो चुका है। राज्य सरकार के सहयोग से सहकारिता के क्षेत्र में बन रहे इस प्लांट की लागत 140 करोड़ रुपए है। इसमें लगभग 200 से ज्यादा लोगों को रोजगार मिलेगा। मक्का प्रसंस्करण पर आधारित इस प्लांट से 45 हजार से ज्यादा किसानों को सीधे फायदा होगा। प्लांट से कोण्डागांव ही नहीं बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के किसानों को फायदेमंद पहुंचेगा। खबर के अंत में देखिए प्लांट का तैयार हिस्सा।

प्रतिदिन 200 मीट्रिक टन मक्का की प्रोसेसिंग

प्लांट का संचालन मां दंतेश्वरी मक्का प्रसंस्करण एवं विपणन सहकारी समिति द्वारा किया जाएगा। प्लांट में मक्के की आपूर्ति के लिए लगभग 45 हजार किसानों का पंजीयन किया गया है। प्लांट में प्रतिदिन 200 मीट्रिक टन मक्का की प्रोसेसिंग होगी, जिससे 80 हजार लीटर एथेनॉल तैयार होगा। इस प्लांट के लग जाने से निजी निवेशकों द्वारा अन्य सहायक उद्योग लगाने के लिए नया वातावरण बनेगा।




कूलिंग टॉवर बनकर तैयार 

प्लांट में कूलिंग टॉवर और बॉसिंग वॉल सहित अन्य कार्य पूर्ण कर लिए गए हैं। स्टील बाईंडिंग वर्क का काम प्रगति पर है। साथ ही फरमनटेशन कूलिंग टॉवर का कार्य भी पूर्ण हो चुका है। प्लांट के वेयर हाउस निर्माण का काम भी जारी है। बॉयलिंग सेक्शन का काम भी तेजी से किया जा रहा है। बॉलिंग सेक्शन का सिविल कार्य लगभग 60 से 70 प्रतिशत पूर्ण कर लिया गया है। इसी प्रकार इएसपी सेक्शन के लिए भी सिविल सेक्शन पूर्ण हो चुका है और टरबाईन का 80 प्रतिशत काम भी पूर्ण हो चुका है। प्लांट में फरमनटेशन टैंक का निर्माण का कार्य चल रहा है। प्लांट के लिए पर्यावरण विभाग और भू जल उपयोग के लिए स्वीकृति प्राप्त हुई है। पीईएसओ तथा आईईएम से अनुमोदन प्राप्त हुआ है।


कोण्डागांव जिले में 3.48 लाख मीट्रिक टन उत्पादन

कोण्डागांव जिले में बीते तीन-चार सालों में खरीफ और रबी दोनों सीजन में मक्का उत्पादन को काफी बढ़ावा मिला है। प्लांट की स्थापना से उत्साहित किसान मक्का का रकबा साल दर साल बढ़ा रहे है। वर्तमान में कोण्डागांव जिले में प्रति वर्ष 3 लाख 48 हजार 127 मेट्रिक टन मक्का का उत्पादन होता है।



किसानों की अंश पूंजी 7.06 करोड़ रुपए

स्टेट प्रोजेक्ट फाईनेंस कमेटी द्वारा मक्का से एथेनॉल निर्माण के लिए प्रोसेसिंग प्लांट को  फिजीबल पाया गया था। प्लांट के निर्माण में किसानों ने 7.06 करोड़ रूपए की अंश पूंजी का योगदान दिया है। इसी प्रकार मंडी बोर्ड द्वारा 21.19 करोड़ रूपए और राज्य शासन द्वारा 35.32 करोड़ रूपए तथा सहकारी संस्था के स्वयं की निधि से 2.10 करोड़ रूपए दिए हैं। शेष 75 करोड़ रुपए बैंक ऋण के माध्यम से जुटाएं गए हैं।


मक्का उत्पादक किसानों को प्रोत्साहन

कोण्डागांव जिले में समर्थन मूल्य पर मक्का उपार्जन के लिए 47 खरीदी केन्द्र बनाए गए हैं। जिले के कोण्डागांव माकड़ी, फरसगांव, बड़ेराजपुर विकासखण्ड में मक्के का बड़े पैमाने पर उत्पादन होता है। मक्का खरीदी का कार्य छत्तीसगढ़ नागरिक आपूर्ति निगम के द्वारा किया जा रहा है। मक्का उत्पादक किसानों को राज्य सरकार द्वारा राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत 9 हजार रुपए प्रति एकड़ के मान से इनपुट सब्सिडी भी दी जा रही है।

65 हजार किसान उगा रहे मक्का

कोण्डागांव जिले में मक्का उत्पादन से जुड़े हैं 65 हजार किसान
कोण्डागांव जिले में खरीफ सीजन में एक लाख 24 हजार 188 तथा रबी सीजन में 2 लाख 23 हजार 929 टन मक्का का उत्पादन होता है। मक्का उत्पादन से जिले के लगभग 65 हजार किसान जुड़े हुए हैं।


विदेशी मुद्रा की होगी बचत

प्लांट में उत्पादित होने वाला एथेनॉल इंडियन ऑयल कार्पोरेशन को विक्रय किया जाएगा। जिसे पेट्रोल के साथ मिक्स कर बेचा जाएगा। इससे विदेशी मुद्रा की भी बचत होगी साथ ही किसानों को मक्का का वाजिब दाम भी मिलेगा।






एक टिप्पणी भेजें

Oops!
It seems there is something wrong with your internet connection. Please connect to the internet and start browsing again.