रायपुर (Todaynewslab.com) | करीब 40-50 साल से लॉटरी खरीदने वाले, और हर बार खाली हाथ रह जाने वाले शख्स की इस साल किस्मत चमक गई। 89 साल की उम्र में शख्स को बंपर ढाई करोड़ की लॉटरी लगी है। यह लॉटरी पंजाब सरकार की बैसाखी बंपर लॉटरी है।
जानकारी के अनुसार पंजाब के मोगा जिले के धर्मकोट के गांव लोहगढ़ निवासी गुरुदेव सिंह को यह लॉटरी लगी है। गुरुदेव रिक्शा चलाते हैं और रोजी-रोटी के लिए वह यह काम कई सालों से कर रहे हैं। रिक्शा चलाने के पहले गुरुदेव मजदूरी किया करते थे। गुरुदेव के अनुसार वो करीब 40-50 साल से लॉटरी खरीदते आ रहे हैं। वो शहर जाते तो लॉटरी की टिकट खरीद लेते। मगर इतनी बार लॉटरी टिकट लेने के बाद भी उन्हें कुछ नहीं मिला। वो निराश हो गए थे और कुछ साल लॉटरी टिकट नहीं खरीदी। मगर इस साल उन्होंने फिर लॉटरी खरीदने का मन बनाया और इस बार किस्मत ने उनका साथ दिया और उन्हें ढाई करोड़ की लॉटरी लग गई।
गुरुदेव के परिवार में पत्नी, चार बेटे, एक बेटी और पोते
गुरुदेव के अनुसार उनके परिवार में पत्नी मनजीत कौर, चार बेटे, एक बेटी और पोते हैं। जीवन के इतने साल निकल जाने के बाद भी अभी तक उनके पास पक्का मकान नहीं है। लॉटरी में मिले पैसों से वह पक्का मकान बनाना चाहते हैं। लॉटरी लगने से गुरुदेव की पत्नी बहुत खुश हैं। उन्होंने कहा कि अब हमारा जीवन बदल जाएगा। भविष्य में और लॉटरी खरीदने की बात पर गुरुदेव कहते हैं अब जीवन के कुछ ही साल बचे हैं। भविष्य में क्या होगा, क्या पता।
लॉटरी जीतने के बाद भी गुरुदेव पहले जैसे
लॉटरी जीतने के बाद भी गुरुदेव का व्यवहार पहले जैसा ही है। वह कहते हैं कि उन्हें अपने काम से प्यार है। वह अभी भी रिक्शा चलाना चाहते हैं। इसके अलावा उन्हें पौधों को पानी देना और सड़क किनारे हुए गड्ढों को ठीक करना अच्छा लगता है। लॉटरी लगने के बाद गांव वालाें ने फूल मालाओं से गुरुदेव सिंह का स्वागत किया।